रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा की मौजूदा राज्य सरकार के कार्यकाल में बहु-बेटियों की इज़्ज़त पर लगातार हमला हो रहा है. राज्य सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि केंद्र से मिले निर्भया फंड को किस-किस मद में कितना प्रतिशत खर्च किया? प्रतुल ने कहा कि पिछले एक वर्ष में एक भी बलात्कारी को स्पीडी ट्रायल के जरिए सजा नहीं दिलाई गई है जबकि राज्य सरकार ने 1 वर्ष में ही बलात्कारियों को सजा दिलाने का वादा किया था. राज्य सरकार को यह भी बताना चाहिए कि एक लंबे समय तक राज्य में संपूर्ण लॉकडाउन था. स्कूल, कॉलेज, बाजार,दफ्तर सब बंद रहे. इसके बावजूद बलात्कार की इतनी घटनाएं कैसे बढ़ गई? क्या बलात्कारियों को भी अब विश्वास हो चला है की इस सरकार में उन्हें सजा नहीं मिलने वाली है?
प्रतुल ने कहा कि झारखंड पुलिस की वेबसाइट में इस वर्ष सितंबर तक बलात्कार के 1359 मामले का डेटा अपलोड है. अक्टूबर और नवंबर के आंकड़ों को अपलोड नहीं किया गया है. जबकि यह सारे आंकड़े स्वतः संग्रहित हो जाते हैं. ऐसा लग रहा है जैसे 18 दिनों के बाद पहली वर्षगांठ मनाने जा रही सरकार आंकड़ों को छुपा कर अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश कर रही है. प्रतुल ने कहा की जब तक महिला सुरक्षा हेतु कड़े कदम नही उठाये जाएंगे तब तक भाजपा राज्य सरकार के खिलाफ निरंतर अभियान चलाते रहेगी.

