कोडरमा: जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हीरोडीह में एक नाबालिग की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर देने का मामला प्रकाश में आया है। हत्यारों ने पहले नाबालिक का हाथ व पैर तोड़ा डाला, इनके बाद धारदार हथियार से वार कर शरीर के कई भागों में गंभीर जख्मी कर हत्या कर दिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार की सुबह डीएसपी संजीव कुमार सिंह, थाना प्रभारी रवि किशोर प्रसाद, एएसआई तुरन टोपनो, उमेश प्रसाद, गणेश राय सदल बल घटनास्थल पर पहुंचकर शव को बरामद किया।
उक्त 16 वर्षीय नाबालिग के शव को पुलिस ने शनिवार की सुबह हिरोडीह स्टेशन से एक किलोमीटर की दूरी स्थित पूर्वी छोर के काजासिंघा के समीप बरामद किया है। शव की पहचान बड़की हीरोडीह निवासी मनोज चौधरी के 16 वर्षीय पुत्र आशीष उर्फ गोलू चौधरी के रूप में हुई है।
मृतक आशीष चौधरी उच्च विद्यालय हीरोडीह के नवम वर्ग में पढ़ता था। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम वह घर से हिरोडीह बाजार घूमने गया था तथा रात भर घर वापस नहीं लौटा। वहीं आशीष के भाई संदीप चौधरी ने बताया कि रात लगभग 08:00 बजे उसके मोबाइल से बात हुई और खाना खाने के लिए घर बुलाया गया, परंतु आशीष ने बोला कि थोड़ी देर में घर आ रहे हैं, उसके बाद वह घर नहीं लौटा।
वहीं शनिवार की सुबह घर से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी काजासिंघा के समीप आशीष का शव आसपास के लोगों ने देखा और परिजनों के साथ साथ पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेना चाहा, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्यारे की गिरफ्तारी करने की मांग करने लगे।
इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से खोजी कुत्ता मंगा कर शीघ्र हत्यारा का खुलासा करने की मांग की, जिस कारण देर शाम तक शव को उठाने नहीं दिया गया है। पुलिस द्वारा ग्रामीणों की मांग पर जमशेदपुर से खोजी कुत्ता मंगायी जा रही है। वहीं डीएसपी संजीव कुमार सिंह, थाना प्रभारी रवि किशोर प्रसाद, मुखिया सुरेंद्र प्रसाद यादव, यमुना यादव, दिनेश चौधरी, नारायण यादव, अर्जुन चौधरी सहित अन्य लोगों ने परिजनों व ग्रामीणों को काफी समझा बुझा कर शांत कराने का प्रयास किया, परंतु ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।
गोलू की हत्या से उनके घर में कोहराम मच गया है। वह माता पिता का द्वितीय पुत्र था। हत्यारों ने धारदार हथियार से आशीष के शरीर, सिर व कमर सहित अन्य भागो में जख्मी कर देने के साथ-साथ हाथ पैर भी तोड़ दिया है। फिलहाल ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। वहीं इस घटना से लोग स्तब्ध हैं। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

