रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश और दुनिया में झारखंड के नाम रोशन करने वाले महान क्रिकेटर महेंद्र सिंह धौनी का परिवार आज दहशत में है.
प्रकाश ने कहा कि जिस प्रकार से धौनी की पुत्री को लेकर भद्दी भाषा में टिप्पणी करते हुए धमकियां दी गई है, उससे झारखंड शर्मशार हुआ है.राज्य की प्रतिष्ठा धूमिल हुई है.
उन्होंने कहा कि आज राज्य में कोई भी सुरक्षित नहीं है. अपराधी बेखौफ हो गए है. लगातार प्रदेश में सामाजिक राजनीतिक कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है. बलात्कार, उग्रवाद, हत्या, लूट, भ्रष्टाचार में तेजी से वृद्धि हुई है.
उन्होंने कहा कि शहीद के वंशज की हत्या हो जाती है, अखबार के संपादक को धमकाया गया, नाबालिग को जिंदा जला दिया जाता है, उग्रवादी आम नागरिक को आये दिन निशाना बना रहे, परंतु राज्य सरकार मूक दर्शक बनी बैठी है.
प्रकाश ने कहा कि धोनी एक व्यक्ति नहीं बल्कि झारखंड की पहचान है, राज्य के लाखों युवाओं के आदर्श है. खेल जगत और विशेषकर क्रिकेट से जुड़े युवा उन्हें अपना आदर्श मानते है. परंतु जिसप्रकार से उन्हें धमकी मिली है उससे राज्य की युवा शक्ति गुस्से में है.
उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह धौनी के परिवार को धमकी देने वाले अपराधी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करे राज्य सरकार नहीं तो भाजपा इसपर पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे.

