रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे ने भी पूर्व रेलवे की तरह यात्रियों को 10 ट्रेनों की सौगात दी है. दक्षिण पूर्व रेलवे ने कहा है कि पूजा के दौरान हटिया एवं रांची से बिहार, बंगाल समेत कई अन्य जगहों के लिए खुलने वाली 5 जोड़ी ट्रेनों को अभी बंद नहीं किया जायेगा. ये ट्रेनें 30 दिसंबर तक चलायी जायेंगी. यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने यह फैसला किया है. जिन फेस्टिव स्पेशल ट्रेनों का अवधि विस्तार किया गया है, उसमें हटिया-यशवंतपुर (साप्ताहिक), हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनल (साप्ताहिक), हटिया-पूर्णिया कोर्ट, हटिया-इस्लामपुर और रांची-हावड़ा स्पेशल ट्रेन शामिल हैं.
दक्षिण पूर्व रेलवे की विज्ञप्ति के मुताबिक, ट्रेन संख्या 02835 हटिया-यशवंतपुर (साप्ताहिक) फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन अब 30 दिसंबर, 2020 तक प्रत्येक मंगलवार को हटिया से चलेगी. गोरखपुर हटिया फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन अब एक जनवरी तक चलेगी, जबकि उधर से गोरखपुर से हटिया जाने वाली आखिरी ट्रेन 31 दिसंबर को रवाना होगी.
पहले गोरखपुर से हटिया जाने वाली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन को 30 नवंबर तक और हटिया से गोरखपुर जाने वाली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन को एक दिसंबर तक चलनी थी, लेकिन यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने अवधि का विस्तार किया है. वहीं, दूसरी ओर रांची भागलपुर स्पेशल ट्रेन आज से चलेगी. इस ट्रेन का परिचालन प्रतिदिन होगा.

