रांची: पदभार ग्रहण समारोह में अध्यक्षीय संबोधन करते हुए पार्टी के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा में पद सम्मान नहीं चुनौती है. उन्होंने एक सामान्य कार्यकर्ता को बड़ा अवसर देने के लिये केंद्रीय नेतृव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी एल संतोष, सह संगठन मंत्री सौदान सिंह सहित सभी का आभार प्रकट किया.
प्रकाश ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, लाखों कार्यकर्ता ही इसकी पूंजी है. हम सामूहिक नेतृत्व के बल पर कार्यकर्ताओं के सहयोग एवं परिश्रम के बल पर पार्टी को मजबूत करते हुए प्रदेश हित में सभी चुनौतियों का सामना करेंगे.
प्रकाश ने कहा कि प्रदेश में पार्टी के सामने दोहरी चुनौतियां हैं. हमें मिलकर केंद्र सरकार की योजनाओं की पहरेदारी भी करनी है, उसे जन जन तक पहुंचाना है, साथ ही प्रदेश की जन विरोधी विकास विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिये सड़क से सदन तक संघर्ष करना है.
उन्होंने कहा कि हम प्रदेश के विकास में सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे, परन्तु राज्य की संपदा को लूटने, राज्य को बदनाम करने की कोशिश करने वालों को मुंहतोड़ जवाब भी देंगे.
उन्होंने कहा कि अनुशासन पार्टी की पहचान है, हम सब इसके साथ बंधे हैं. उन्होंने झारखंड में पार्टी को सींचने और सवारने वाले स्व. कैलाशपति मिश्र, ललित उरांव सहित पद्मश्री कड़िया मुंडा, देवदास आप्टे सहित सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दुखा भगत, अभयकांत प्रसाद, यदुनाथ पांडेय, डॉ रविन्द्र राय, पीएन सिंह, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के प्रति आभार प्रकट किया.
उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है मुझे पार्टी के तीन पीढ़ियों के साथ काम करने का अवसर मिला है, मेरा अनुभव ही मेरी पूंजी है.

