रांची: कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते रांची जिले में जारी लॉकडाउन के दौरान गरीब और असहायों को भोजन उपलब्ध होता रहे इसका भी ख्याल रखा जा रहा है. मुख्यमंत्री दीदी किचन से गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को भरपेट भोजन मिल रहा है.
रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों के पंचायतों में चल रहे मुख्यमंत्री दीदी किचन के माध्यम से गरीब, असहायों को निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है.
उपायुक्त रांची राय महिमापत रे के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न पंचायतों में 539 मुख्यमंत्री किचन का संचालन किया जा रहा है.
विभिन्न पंचायतों में संचालित 539 मुख्यमंत्री दीदी किचन से 19 अप्रैल 2020 से 46082 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया.
इन सभी केंद्रों पर भोजन वितरण के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी अनुपालन किया जा रहा है. संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी /अंचल अधिकारी द्वारा नियमित अंतराल पर इन केन्द्रों द्वारा किए जा रहे भोजन वितरण का निरीक्षण भी कर रहे हैं.

