नई दिल्ली: देशभर में अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 8 लाख के करीब पहुंच गई है. इस बीच सरकार ने कहा है कि वह इस संख्या को लेकर चिंता में नहीं है.
स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने शुक्रवार को कहा कि देश में करोना रिकवरी दर अधिक है और मृत्यु दर बेहद कम इसलिए केसों की संख्या से चिंता नहीं है. उन्होंने फिर दोहराया कि देश में अभी कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं है.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कहा, ‘कोविड-19 के मरीजों की रिकवरी दर 63 फीसदी है और मृत्यु दर महज 2.72 फीसदी.
हम केसों की संख्या को लेकर चिंतित नहीं हैं. हम टेस्टिंग बढ़ा रहे हैं ताकि अधिकतर केसों को पहचान हो सके और उनका इलाज हो सके. करीब 2.7 लाख टेस्ट प्रतिदिन हो रहे हैं.’
देश में कम्युनिटी ट्रांसमिशन के के स्टेज को नकारते हुए हर्षवर्धन ने कहा, ‘इतना बड़ा देश होने के बावजूद हम कम्युनिटी ट्रांसमिशन स्टेज में नहीं पहुंचे हैं. हालांकि, कुछ ऐसे पॉकेट्स हैं जहां संक्रमण दर कुछ अधिक हो सकती है.’

