रांचीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि चुनाव के समय कामदार और दमदार सरकार देने का वादा किया था. जो आपकी आकांक्षाओं को पूरा करे. 100 दिन में तो आपलोगों ने ट्रेलर देख ही लिया है. 100 दिन के अंदर तीन तलाक के खिलाफ कड़ा कानून लागू हो गया. जम्मू-कश्मीर व लद्दाख को विकास की नई ऊंचाई तक पहुंचाने का काम 100 दिन के अंदर ही शुरू हो गया था. जनता को लूटने वालों को सही जगह पर पहुंचाने का काम भी तेजी से हो रहा है. कुछ लोग तो अंदर भी चले गए. प्रधानमंत्री गुरुवार को राजधानी के रांची के प्रभात तारा मैदान में विभिन्न योजानाओं के उद्घाटन व शिलान्यास कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि विकास प्राथमिकता है प्रतिबद्धता भी. अटल इरादा भी है. जिन लोगों ने सोच लिया था कि हम कानून ने ऊपर हो गए हैं, वे आज अदालत से गुहार लगा रहे हैं. मंच से ही पीएम ने पूछा कि.. क्या आपलोग 100 दिन के काम से खुश हैं.. इस पर वहां मौजूद सभी लोगों ने एक स्वर में कहा खुश हैं.
मॉनसून सत्र सबसे गौरवशाली सत्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद का मॉनसून सत्र सबसे गौरवशाली सत्र रहा. समय का सदुपयोग भी हुआ. अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा भी हुई. इसके लिए पीएम ने सभी सांसदों को मंच से बधाई भी दी. उन्होंने झारखंड के नए विधानसभा का लोकार्पण व नए सचिवालय के शिलान्यास पर कहा कि राज्य बनने के दो दशक बाद यह भवन सिर्फ इमारत व चाहरदिवारी ही नहीं, बल्कि ऐसा पवित्र स्थान है जहां झारखंड के लोगों के सुनहरे भविष्य की नींव रखी जाएगी. लोकतंत्र के इस मंदिर के माध्यम से वर्तमान व आनेवाली पीढ़ी के सपने साकार होंगे.
झारखंड, गरीबों की योजनाओं का लॉन्चिंग पैड
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र में नई सरकार बनने के बाद सबसे पहले कहीं जाने का अवसर मिला, उनमें से झारखंड भी एक है. इस प्रभात तारा मैदान में आया तो अनेक पुरानी यादें ताजा हो गई. उस समय इस मैदान में सभी योग कर रहे थे,और उस दिन भी बारिश आर्शीवाद दे रहा था. इसी मैदान से पिछले सितंबर में आयुष्मान योजना की शुरूआत हुई. झारखंड की नई पहचान यह भी है कि यह गरीब और जनजातीय हितों की योजना का लॉन्चिंग पैड है. झारखंड से ही दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थ इंश्योरेंस योजना की शुरूआत हुई.

