नई दिल्ली: अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम का नाम बदलने जा रहा है. अब इस स्टेडियम का नाम पीएम मोदी के नाम पर रखा जाएगा. मोटेरा स्टेडियम अब नरेंद्र मोदी स्टेडियम नाम होगा. अब से थोड़ी देर बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद इसका आधिकारिक ऐलान कर सकते हैं.
आपको बता दे कि यह दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है. रेनोवेशन के बाद आज इस स्टेडियम के पहला कोई मैच खेला जाएगा. इसका उद्घाटन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे. इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे. वैसे तो इस विशाल स्टेडियम में 1 लाख 10 हजार लोग एक साथ बैठकर मैच देख सकते हैं, लेकिन कोविड के चलते यहां 55 हजार लोगों को मैच देखने की अनुमति दी गई है.
इस स्टेडियम की खास बात ये है कि स्टेडियम में कहीं से बैठकर भी मैच देखा जाए तो विजन एकदम क्लियर होगा, क्योंकि मैदान के बीच में एक भी पिलर या अन्य कोई अड़चन नहीं है. स्टेडियम में फ्लड लाइट की जगह एलईडी लाइट्स लगाई गई है, जो दिखने में काफी आकर्षक है.
इस स्टेडियम में अलग-अलग प्रकार की 11 पिचें हैं, जिसमें से 5 में लाल मिट्टी और 6 में काली मिट्टी का इस्तेमाल किया गया है. खिलाड़ियों की सहुलियत के लिए यहां चार ड्रेसिंग रूम भी बनाए गए है. वीआईपी गेस्ट के लिए मोटेरा स्टेडियम में 76 कॉरपोरेट बॉक्स भी बनाए गए हैं. 700 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत में बने इस स्टेडियम में एक साथ 1.10 लाख लोग बैठकर मैच का लुत्फ ले सकते हैं.

