रांची: रांची के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत खोरहा टोली स्थित नाले में बहे युवक की तलाश आज तीसरे दिन भी जारी रही. एनडीआरएफ की टीम ने खोजबीन के लिए अभियान चलाया, जबकि नगर निगम की टीम और स्थानीय लोग भी लाश में जुटे रहे, लेकिन उफनती नाले में बहे उमेश राणा का तीसरे दिन बुधवार को भी कोई अता-पता पता नहीं चल पाया.
सदर थाने की पुलिस अब गुरुवार को नगर निगम की टीम के साथ खोरहा टोली स्थित डूबने वाले घटनास्थल से लेकर स्वर्णरेखा नदी तक पहुंचने वाले पूरे नाले में तलाश करेगी. दोनों छोर पर नगर निगम की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सर्च किया जाएगा. ताकि नाले के किसी किनारे या कोने में फंसे रहने पर उसकी खोजबीन की जा सके. अबतक गायब उमेश राणा हजारीबाग के इचाक का रहने वाला था.
कोकर खोरहा टोली में पत्नी के साथ किराए के मकान में रहता था. वह कारपेंटर मिस्त्री था. उमेश का कोई अता पता नहीं चलने और लाश भी बरामद नहीं होने से पत्नी सहित अन्य परिजन परेशान हैं. एनडीआरएफ की टीम की तलाशी के दौरान पत्नी सहित हजारीबाग से आए परिजन भी मौजूद रहे. घटना के तीसरे दिन बुधवार को नगर निगम की ओर से उमेश को ढूंढने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई गई. सोमवार को बाइक के साथ बह गया था.
उमेश : सोमवार को हुई भारी बारिश के बाद पानी के तेज बहाव में बाइक सहित बह गया. युवक को बहता देख पास में मौजूद एक अन्य व्यक्ति उसे बचाने पहुंचा लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह भी बहने लगा. इसी दौरान आसपास के घरों में मौजूद लोगों ने रस्सी फेंक कर बचाने पहुंचे व्यक्ति को बाहर निकाला. हालांकि बाइक सवार उमेश को नहीं बचाया जा सका और वह बाइक सहित पानी के तेज बहाव में पुल के नीचे बहता चला गया. घटना के दूसरे दिन मंगलवार को उमेश की बाइक बरामद की गई थी.

