जम्मू: जम्मू-कश्मीर के केंद्र शासित बनने के बाद शीतकालीन राजधानी जम्मू में सरकार का पहला दरबार सज गया है. सुबह 9.30 बजे उपराज्यपाल गिरिश चंद्र मुर्मू सचिवालय पहुंचे. जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इस दौरान खास बात यह रही कि दरबार खुलने के बाद पहली बार नागरिक सचिवालय की इमारत पर दो झंडों की जगह शान से तिरंगा फहरता नजर आया.
दरअसल, जम्मू-कश्मीर की पुरानी परंपरा और नियमों के मुताबिक, सचिवालय पर तिरंगे के साथ राज्य का झंडा भी फहराया जाता था, लेकिन केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद सोमवार को इतिहास बदल गया. वहीं, उपराज्यपाल मुर्मू ने नागरिक सचिवालय में अपने नए कार्यालय से शासन की बागडोर संभाल ली. मुर्मू ने सचिवालय के कर्मचारियों से मुलाकत कर जम्मू में उनके लिए इंतजाम की जानकारी हासिल की.

