रांचीः रांची में सुबह से ही आंशिक बादल छाए हुए हैं. बादल और धूप की आंख मिचौली जारी है. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मुताबिक आज रांची में बादल छाए रहने के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है. अगले 2 दिन 20 व 21 मार्च को रांची सहित झारखंड में बारिश के आसार हैं. राज्य के उत्तरी, दक्षिणी और मध्य हिस्से में बारिश की संभावना जताई गई है. सोमवार के बाद मौसम साफ होगा.
रांची के अलावा पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, कोडरमा, लोहरदगा, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की संभावना है. इस दौरान बारिश की भी संभावना है. मौसम विभाग ने कहा कि 23 मार्च तक रांची का अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री और न्यूनतम 20 से 21 डिग्री रहने की संभावना है.
मौसम में बदलाव को लेकर विभाग की तरफ से येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान इन जिलों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा परिवर्तन की संभावना नहीं है. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राजस्थान के पूर्वी क्षेत्र में एक कम दबाव का चक्रवातीय क्षेत्र बना हुआ है. इसका असर झारखंड समेत कई राज्यों में देखने को मिल रहा है. राज्य में इस चक्रवातीय क्षेत्र का असर अगले तीन से चार दिनों तक देखे जाने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 10 साल में मार्च महीने में अब तक सबसे अधिकतम तापमान 31 मार्च 2017 को 39.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है. अब तक रांची में मार्च में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री पहुंचा था. इससे ज्यादा तापमान मार्च में नहीं गया है. इस बार सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ने की संभावना है.

