बेतिया: बेतिया जिला क्षेत्र की सभी नदियां बारिश के कारण उफान पर है. ऐसे में नरकटियागंज शिकारपुर थाना के डी के शिकारपुर गांव के समीप स्थित पंडई नदी में शौच को गए तीन बच्चे डूबने लगे. हालांकि इनमें से दो बच्चे किसी तरह से बच निकले किन्तु एक बच्चे का अता-पता नहीं चल सका है.
लापता बच्चा डीके शिकारपुर गांव निवासी भद्दू राउत का पुत्र रंजन कुमार (18) है. ग्रामीणों द्वारा लापता बच्चे की तलाश की जा रही है. सूचना पर पहुंची शिकारपुर पुलिस घटना की जांच और बच्चे की तलाश में जुट गई है.
थानाध्यक्ष कृषण कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी को भेजकर लापता बच्चे की तलाश कराई जा रही है. इसके लिए स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जा रही है.
बताया जाता है कि डीके शिकारपुर गांव के रंजन समेत दो अन्य बच्चे क्रमशः रामू राउत व सबरे आलम शौच के लिए पंडई नदी के किनारे गए थे. शौच के बाद रंजन नदी किनारे गया. जहां उसका पैर फिसल गया और वह डूबने लगा. उसे डूबता देख उसके अन्य दोस्त भी नदी में कूद पड़े. सभी एक साथ डूबने लगे. किन्तु दो बच्चे किसी तरह से पानी के बहाव में किनारे लग गए. किन्तु रंजन का पता नहीं चल सका है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि बच्चे की बरामदगी को लेकर गोताखोरों द्वारा प्रयास किया जा रहा है. वहीं लपता बच्चे की मां का रो रो कर बुरा हाल हो गया है.

