बिहार(लखीसराय): सरकार ने किऊल नदी से बालू उठाव पर प्रतिबंध लगा दिया है. लेकिन बालू का अवैध उठाव बंद होने का नाम नहीं ले रहा है. बालू माफिया अपनी मनमानी कर दिन-रात बालू उठाव कर बिक्री करने में लगे हैं. जबकि पुलिस ने बालू माफियायों पर नकेल कसने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है. लेकिन बालू माफिया पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर दूसरे रास्ते से दिन-रात बालू उठाव में लगे हैं.
आपको बता दें कि किऊल नदी के पीला बालू की बिक्री सरकार निलामी निकाल कर करती है. चार माह पहले सरकार ने उक्त नदी से बालू उठाव कर डिपो में भंडारण करने का आदेश दिया था. जिस पर अधिकृत ठेकेदार ने बालू का भंडारण कर बिक्री करने का कार्य शुरू किया. किऊल नदी से बालू उठाव पर रोक लगने के बाद बालू माफिया भंडारण से बालू का चालान लेकर दिन-रात लखीसराय जिले के विभिन्न घाटों से बालू उठाव कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बिक्री करने में लगे हैं.
लखीसराय जिला प्रशासन के निर्देशानुसार पुलिस कई जगहों पर चेक पोस्ट लगाकर बालू माफिया पर नकेल कसने का कार्य शुरू किया है. लेकिन बालू माफिया किऊल नदी से बालू उठाव कर खेतों में अस्थायी सड़क का निर्माण कर धड़ल्ले से बालू बिक्री कर रहे हैं.

