स्थापित स्थानीय उद्योग धंधों की मदद से युवाओं को रोजगार दिलाने की कोशिश
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य सरकार स्थापित उद्योगों की कठिनाई को दूर करने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयासरत है. मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में लगभग 6000 या उससे कुछ अधिक उद्योग स्थापित है, कौन उद्योग काम कर रहा है और उनके साथ क्या दिक्कत है, इन इकाईयों की आतंरिक क्षमता को टटोलने के लिए वे लगातार विभिन्न इकाईयों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ लगातार बातचीत कर रहे है. हेमंत सोरेन ने आज विधानसभा में भाजपा विधायक अमर कुमारी बाउरी द्वारा पूछे गये एक तारांकित प्रश्न पर हस्तक्षेप करत हुए ये बातें कही. भाजपा विधायक ने बोकारो जिले के चंदनकियारी क्षेत्र में स्थापित वेंदाता कंपनी की इकाई इलेक्ट्रोस्टील के विस्तारीकरण को लेकर जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया में जनसुनवाई की निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने की शिकायत की. उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी द्वारा क्षेत्र में फैलाये जा रहे प्रदूषण से कैंसर समेत अन्य बीमारियांं से लोगों की मौत हो रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुनवाई की व्यवस्था के तहत यह सुनिश्चित किया जाता है कि सभी के सामने ही सुनवाई पूरी हो, क्लोज रूम में सुनवाई का कोई औचित्य नहीं है. जनसुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग होती है और सरकारी पदाधिकारियों का उस पर मुहर लगता है,तब ही उसकी महत्ता होती है. यदि इस मामले में कंपनी परिसर के अंदर गुपचुप तरीके से सुनवाई हुई होगी, तो सरकार निश्चित रूप् से इसे दिखवा लेगी. उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार पूर्व की तरह सिर्फ सदन में आश्वासन नहीं देती है, पिछली सरकार में सरकार में घोषणा करती थी कि स्थानीय लोगों की नियुक्ति होगी और फिर खुद वे सभी बाहर के लोगों को नियुक्ति पत्र देकर आते थे. उन्हांने कहा कि वेदांता कंपनी ने क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ करने का काम किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सेल और वेदांता कंपनी के अधिकारियों को बुलाकर उन्होंने बोकारो जनरल अस्पताल के बेहतर संचालन को लेकर आपस में बातचीत कर आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है.
इससे पहले प्रभारी मंत्री चंपई सोरेन ने सरकार की ओर से सदन में जवाब देते हुए कहा कि जनसुनवाई में सभी मानकों और नियमों का पालन किया गया है. उन्होंने प्रदूषण से क्षेत्र में हो रही मौत की बात को भी बेबुनियाद बताया.

