रांची: झारखंड में अगले तीन-चार दिनों में पारा बढ़ने की संभावना जतायी गयी है, इससे ठंड से परेशान लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी. मौसम पूर्वानुमान में न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री तक बढ़ोत्तरी की संभावना जतायी गयी है.
रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को रांची का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री रहा, जबकि अगले चार-पांच दिनों में रांची का न्यूनतम तापमान बढ़कर 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने की खबर है.
मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि अगले पांच दिनों तक राज्य का मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. इस दौरान आसमान आम तौर पर साफ रहेगा. हालांकि 26 और 27 जनवरी को आंशिक रूप से बादल छाये रहने की संभावना है.
रांची का न्यूनतम तापमान आज 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गिरिडीह में 6.2 डिग्री, कांके का 6.8 डिग्री, पाकुड़ का 8.8 डिग्री, चाईबासा का 7.6, बोकारो का 7.5 और डालटनगंज का 9.4, जमशेदपुर का 9.9 और दुमका का न्यूनतम पारा 11.9 डिग्री सेल्सियस रहा.

