-
केसी वेणुगोपाल और अहमद पटेल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बात की
रांची: प्रवासी श्रमिकों की घर वापसी, लॉकडाउन में संगठन की ओर से चलाये जा रहे कार्य, कंट्रोल रूम के माध्मय से जरूरतमंद और निर्धन परिवारों के बीच राहत सामग्री के वितरण तथा हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से फंसे प्रवासी कामगारों को मदद पहुंचाने को लेकर नई दिल्ली से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल और कोषाध्यक्ष अहमद ने वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य के वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव से बात की.
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि झारखंड में दो अप्रैल से कंट्रोल रूम प्रभावी है और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार श्रमिकों को हेल्पलाइन के माध्यम सेलगातार सहायता उपलब्ध करायी जा रही है.
उन्होंने बताया कि झारखंड में कांग्रेस सरकार में शामिल है और राज्य की गठबंधन सरकार प्रवासी श्रमिकों की वापसी के लिए लगातार प्रयासरत है, अब तक 17 ट्रेनों के माध्यम से 23 हजार श्रमिक वापस लौट चुके है.
इसके अलावा यात्री बस और सड़क मार्ग से भी बड़ी संख्या में पड़ोसी राज्यों से कामगार वापस लौटे है. इसके बावजूद यदि कहीं से कोई कठिनाई की सूचना प्राप्त होती है, तो पार्टी संगठन की ओर से सरकार को आवश्यक सहायता उपलब्ध करायी जाएगी.
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ने काफी पहले से ही प्रवासी श्रमिकों के पंजीयन का काम शुरू कर दिया था और 5.50 लाख प्रवासी श्रमिकों द्वारा अभी तक रजिस्ट्रेशन कराया जा चुका है, जबकि कांग्रेस संगठन की ओर से आठ हजार प्रवासी श्रमिकों की सूची बनायी गयी है.
इस सूची को भी मुख्य सचिव को सौंप दिया जाएगा और उनसभी की वापसी सुनिश्चित होगी. इसके अलावा पार्टी के सभी विधायक अच्छा काम कर रहे है, राशन उपलब्ध कराने के साथ ही मास्क और सैनिटाइजर उपलब्ध कराया जा रहा है.
डॉ. उरांव ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से पहले ही सभी राज्यों से समन्वय स्थापित करने को लेकर नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी थी, जिसके परिणाम स्वरूप तेजी से सभी प्रवासी श्रमिक झारखंड वापस लौट रहे है.
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस राहत निगरानी (कोविड-19) समिति के सदस्य प्रदीप तुलस्यान, आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता भी उपस्थित थे.

