-
स्वच्छता को लेकर अधिकारियों से मंत्री ने की चर्चा
ग्वालियर: प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि शहर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए. डोर-टू-डोर कचरा प्रबंधन की सतत मॉनीटरिंग हो और शहर साफ-सुथरा रहे, इसके लिये अधिकारी विशेष निगरानी करें.
मंत्री तोमर ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से शहर की सफाई व्यवस्था के साथ-साथ शासन की अन्य कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में चर्चा करते हुए यह निर्देश दिए हैं.
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिये नगर निगम का अमला विशेष प्रयास करे. इसके साथ ही जिले के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य विभाग के अधिकारी भी शहर को बेहतर बनाने के लिये समन्वित रूप से कार्य करें.
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शहर विकास के लिये सभी को एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया. चर्चा के दौरान कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक सांघी, नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन, अपर कलेक्टर आशीष तिवारी, एडीएम किशोर कन्याल, एडीएम टी एन सिंह, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य उपस्थित थे.
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि शहर में स्वच्छता के कार्य में लगी ईको ग्रीन कंपनी अपनी पूरी क्षमता के साथ स्वच्छता का कार्य करे, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए.
शहर के सभी वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा वाहन के माध्यम से प्रतिदिन कचरे का कलेक्शन और निष्पादन हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईको ग्रीन कंपनी अगर कार्य नहीं कर रही है तो उसके विरूद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाना चाहिए.
ऊर्जा मंत्री तोमर ने चर्चा के दौरान कहा कि शहर की स्वच्छता में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए. स्वच्छता के कार्य में लगे सभी लोग अपनी पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के कार्य को करें. कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरूद्ध भी दण्डात्मक कार्रवाई की जाए.

