पटना:- बिहार में तापमान बढ़ने से कड़ाके की ठंड में आंशिक सुधार के आसार हैं. हवाओं की दिशा में बदलाव होने से ठंड में कमी आ सकती है. पिछले दो दिनों से उत्तर पश्चिमी दिशा से हवाओं का प्रसार हो रहा था. इससे राज्य के 13 जिलों में कनकनी बनी रही. अब हवाओं की दिशा दक्षिणी पश्चिम हो गई है. हालांकि ठंड बरकरार है.
मौसमविदों का कहना है कि पर्वतीय इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद उत्तर दिशा से आने वाली हवाओं ने सूबे में ठंड बढ़ा दी लेकिन अब इन बर्फीली हवाओं से काफी हद तक राहत है. हवा का रुख बदलने से कनकनी घटेगी. पिछले 24 घंटों में गया और पटना के न्यूनतम तापमान में भी कमी देखी गई. लेकिन अब भी सूबे के कई शहरों का अधिकतम पारा सामान्य से छह से आठ डिग्री तो न्यूनतम पारा तीन से पांच डिग्री तक कम है.
नौ जिले शीतलहर की चपेट में, छह में हालत गंभीर
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार सूबे के नौ जिले पिछले दो दिन शीतलहर की चपेट में रहे. इनमें पिछले 24 घंटों में पटना समेत छह जिलों में गंभीर शीत दिवस की स्थिति रही. यानी इन जिलों में अधिकतम पारा सामान्य से काफी नीचे रहा. जिन जिलों में गंभीर शीतदिवस की स्थिति थी उनमें पटना, गया, मुजफ्फरपुर, छपरा, दरभंगा और डेहरी शामिल हैं. इसके अलावा पूर्णिया, सुपौल और फारबिसगंज में शीतदिवस की स्थिति बनी है.

