नई दिल्ली: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब और हरियाणा के किसान ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन कर रहे हैं. किसानों को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने से रोकने के लिए उनको दिल्ली बॉर्डर पर रोका गया है. उनके ऊपर वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं. इसी बीद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर नये कृषि बिल को लेकर ट्वीट करते हुए हमला किया है. सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा है, किसानों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है, उन पर वॉटर कैनन चलाई जा रही हैं, जो बिल्कुल गलत है.
केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा है, ”केंद्र सरकार के तीनों खेती बिल किसान विरोधी हैं. ये बिल वापिस लेने की बजाय किसानों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है, उन पर वॉटर कैनन चलाई जा रही हैं. किसानों पर ये जुर्म बिलकुल गलत है. शांतिपूर्ण प्रदर्शन उनका संवैधानिक अधिकार है.”
ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब में कृषि कानून के खिलाफ किसानों का विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया है. पंजाब के शंभू बॉर्डर में किसान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड को उठाकर सड़क किनारे खेतों में फेंक दिया है. किसानों ने साथ ही सड़क पर लगे डिवाइडरों को भी नुकसान पहुंचाया.
दिल्ली की ओर कूच कर रहे किसानों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस अंबाला के पास शंभू बॉर्डर पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर रही हैं.

