रांची: झारखंड का सुपर सेंसिटिव कोरोना जोन बने राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी में विगत दो दिनों से हो रहे हंगामे व लाॅकडाउन के उल्लंघन मामलों के प्रकाश में आने के बाद बुधवार की सुबह पूरे प्रशासनिक व पुलिस महकमे ने हिंदपीढ़ी इलाके में फ्लैग मार्च किया.
इस दौरान एसडीओ, एसएसपी, सीटीएसपी, एडीएम सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने दो दर्जन से अधिक वाहनों के साथ हिंदपीढ़ी का मुआयना किया. इस दौरान पुलिस गाड़ियों के सायरन से पूरा हिंदपीढ़ी गूंज उठा. इससे पूर्व पुलिस द्वारा माइक से अनाउंस भी किया गया कि किसी भी सूरत में कोई सड़क पर नजर नहीं आये. सड़क पर दिखने वाले सीधे जेल भेजे जाएंगे. यदि कोई मोटरसाईकिल सड़क पर दिखा तो उसे जब्त कर लिया जाएगा. पुलिस की इस गश्त व लगभग आधे घंटे तक लगातार बजे पुलिस वाहनों के सायरन से पूरी हिंदपीढ़ी दहशत में आ गयी है.
पुलिस का वाहन गुजरते ही छिटपुट कर बाहर निकलने लगे लोग
हालांकि पुलिस वाहनों के गुजरते ही कुछ महिला-पुरुषों के बाहर निकलने की तस्वीर भी सामने आयी है. जो यह बताने को काफी है कि हिंदपीढ़ी में पुलिस-प्रशासन का हर प्रयास अब तक नाकाफी है. विदित हो कि लगातार हिंदपीढ़ी क्षेत्र से कोरोना संक्रमित लोगों की पुष्टि हो रही है जिसके कारण हिंदपीढ़ी को विगत 6 अप्रैल से ही सील कर दिया गया है. हालांकि इस दौरान लोगों के घरों तक प्रशासन द्वारा हर मदद व जरुरत के सामानों को पहुंचाने का काम किया जा रहा है.

