नई दिल्ली: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने मंत्रालय के अधिकारियों से फैसले लेने में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने अधिकारियों से फाइलों को तीन दिन में निपटारा करने के लिए कहा है. यही नहीं उन्होंने काम नहीं करने वाले मंत्रालय के अधिकारियों की लिस्ट मांगी है ताकि उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जा सके.
गडकरी ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने अपने मंत्रालय के नकारा अधिकारियों की सूची मांगी है ताकि उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जा सके.
इससे एक दिन पहले सोमवार को भी गडकरी ने काम नहीं करने वाले अधिकारियों को आगाह किया था. उन्होंने कहा था कि ये अधिकारी न तो स्वयं निर्णय लेते हैं और न ही दूसरे को काम करने देते हैं. ऐसे अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा.
गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में कहा, ”मैं वैसे लोगों को पसंद करता हूं जो निर्णय करते हैं. कुछ गलतियां हो सकती हैं जो अपराध नहीं है लेकिन महीनों और वर्षों तक फाइलें दबाकर रखने को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा…मैंने सचिव से जबरन सेवानिवृत्ति को लेकर अधिकारियों की सूची देने को कहा है.

