New Delhi:- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने किसान आंदोलन को कवर कर रहे पत्रकारों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए सरकार पर तीखा हमला करते हुए रविवार को कहा कि वह सच बोलने वालों से डरती है इसलिए उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है.
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “जो सच से डरते हैं, वे सच्चे पत्रकारों को गिरफ़्तार करते हैं.” वहीं, प्रियंका वाड्रा ने कहा, “किसान आंदोलन कवर कर रहे पत्रकारों को गिरफ्तार किया जा रहा है, उनपर मुकदमें दर्ज किए जा रहे हैं. कई जगहों पर इंटरनेट बंद कर दिया है. भाजपा सरकार किसानों की आवाज को कुचलना चाहती है लेकिन वे भूल गए हैं कि जितना दबाओगे उससे ज्यादा आवाजें आपके अत्याचार के खिलाफ उठेंगी.”

