रांची: महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा मंत्री जोबा मांझी द्वारा आज विधानसभा में यह भरोसा दिलाया कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पेंशन राशि में बढ़ोत्तरी के मामले में सरकार विचार करेगी.
भाजपा के अमित कुमार मंडल के एक प्रश्न के उत्तर में जोबा मांझी ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा निर्देशालय द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजना अंतर्गत गोड्डा जिले में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 61,659 और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के तहत 10,585 लाभुक है.
उन्होंने यह स्वीकार किया कि गोड्डा जिले में पेंशन योजना के 4,001 मामले लंबित है
जोबा मांझी ने बताया कि पूर्व में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना 80 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग में 700 रुपये प्रति लाभुक पेंशन दिया जा रहा था और अन्य सभी पेंशन योजनाओं में 600 रुपये पेंशन दिया जा रहा था, लेकिन वर्त्तमान में अप्रैल 2019 से सभी पेंशन योजनाओं में 1,000 रुपये प्रति लाभुक प्रति माह पेंशन दिया जा रहा है.

