रांची: तीन दिवसीय गंगा उत्सव के अंतिम दिन आज भी राज्य के विभिन्न जलाशयों के परिसरों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं. तीन दिवसीय गंगा उत्सव कार्यक्रम के समापन समारोह के मौके पर रांची के ऑड्रे हाउस में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
इस मौके पर पेंटिंग प्रदर्शनी और पुरस्कार वितरण किया जाएगा. समापन कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे, सूडा के डायरेक्टर अमित कुमार समेत अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे. इससे पहले गंगा उत्सव कार्यक्रम के तहत कल देर शाम रांची के दो प्रमुख जलस्त्रोतों बड़ा तालाब और करमटोली तालाब में दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ. नगड़ी अंतर्गत स्वर्णरेखा उद्गम स्थल पर इसी प्रकार का आयोजन हुआ.
इधर, छठ महापर्व के दौरान राजधानी में लाखों लोग तालाब और घाटों पर भगवान भास्कर को अर्घ्य देते हैं. इस दौरान घाट आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. इसके लिए रांची नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है. निगम ने शहर के 33 ऐसे तालाबों और अन्य घाटों की सूची तैयार की है, जहां हर वर्ष हजारों की संख्या में लोग छठ दौरान जुटते हैं. इन घटों को छठ से पहले तैयार करने के लिए निगम के पदाधिकारियों से लेकर कर्मचारियों की तैनाती की गयी है.

