उत्तराखंड: केंद्रीय शिक्षा मंत्री, रमेश पोखरियाल ने घोषणा की है कि उत्तराखंड में तीन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी (IIITs) और एक इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (IISER) खोले जाएंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल ही में दिल्ली में उत्तराखंड के हायर एजुकेशन मिनिस्टर धन सिंह रावत के साथ बैठक के बाद इस फैसले की घोषणा की गई.
शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ने हाल ही में उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत के साथ एक बैठक की थी. जिसके बाद उन्होंने घोषणा की है कि राज्य में जल्द ही तीन आईआईआईटी और एक आईआईएसईआर स्थापित किए जाएंगे.
मंत्री ने बताया कि हम जल्द ही देहरादून, उधम सिंह नगर और हरिद्वार में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मोड में तीन आईआईआईटी खोलेंगे. राज्य सरकार को राज्य में आईआईएसईआर की स्थापना के लिए भी हमें सुझाव देना चाहिए. शिक्षा मंत्रालय जल्द से जल्द इन संस्थानों की स्थापना के लिए अनुदान जारी करेगा.
शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ने उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री के साथ बैठक में राज्य के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में मदद करने के लिए सुविधाएं मुहैया करने को लेकर भी वार्ता की. बैठक के बाद, शिक्षा मंत्री ने यह जानकारी दी है कि उत्तराखंड की राज्य सरकार को पहाड़ी क्षेत्रों में शैक्षिक सुविधाओं की स्थापना के माध्यम से महिला सशक्तीकरण पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा गया है.

