रांची. आम लोगों की सुविधा को देखते हुए रेल मंत्रालय 12 सितम्बर से देशभर में 40 जोड़ी विशेष ट्रेन चलायेगा. सभी विशेष ट्रेनें आरक्षित श्रेणी की होंगी. रेलवे ने बताया कि नई गाडियों के लिए 10सितंबर से आरक्षण करा सकते हैं. ये रेलगाडियां देशभर में चल रही दो सौ तीस रेलगाडियों के अतिरिक्त होंगी. रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने बताया है कि आरक्षण की मांग और प्रतीक्षा सूची पर रेलवे अपनी नजर रखे हुए है. उन्होंने कहा कि परीक्षाओं और अन्य उद्देश्यों के लिए राज्य सरकारों के अनुरोध पर और रेलगाडियां चलाई जाएंगी. रेलवे ने जिन 40 नई अतिरिक्त ट्रेनों को चलाने की घोषणा की है. उनमें झारखंड से तीन ट्रेनें खुलेंगी. इनमें धनबाद-फिरोजपुर गंगा सतलज एक्सप्रेस, देवघर-अगरतला साप्ताहिक और मधुपुर-दिल्ली-मधुपुर साप्ताहिक ट्रेन शामिल हैं.

