संवाददाता,
रांची: जयपाल सिंह स्टेडियम के मैदान में शनिवार को तिब्बती पोताला मार्केट का उद्घाटन सी पी सिंह ने किया. इस अवसर पर तिब्बती दुकानदारों ने विश्व शांति एवं धर्मगुरु दलाई लामा की पूजा की और दलाई लामा के लंबे जीवन एवं तिब्बत में रह रहे लोगों के गरिमामय जीवन की कामना की. रांचीवासियों को ठंड से राहत दिलाने के लिए निर्वासित तिब्बतियों ने हर बार की तरह इस बार भी जयपाल सिंह स्टेडियम में पोताला मार्केट सजाकर तैयार कर लिया है. लगभग 50 वर्षों से निवार्सित तिब्बती रांची में मार्केट लगाते आ रहे हैं. इस बार 60 स्टॉल लगाये गए हैं. पोताला मार्केट के अध्यक्ष सिरिंग दोरजे ने कहा कि रांची निवासी हमलोगों का इंतजार करते हैं. हमलोग हर साल कुछ नया लाते हैं. इस बार महिलाओं के लिए नये डिज़ाइन के स्वेटर है और पुरुषों के लिए स्वेटशर्ट, लेदर जैकेट जो कि दूसरे मार्केटों से अलग है.
पोताला मार्केट में एक ही छत के नीचे हर प्रकार के गर्म कपड़े मिलते हैं. इस मार्केट में आधुनिक फैशन के अनुरूप हर तरह के परिधान बिक रहे हैं. इस मार्केट में पुरुषों और महिलाओं के अलावा बच्चों के लिए एक ही छत के नीचे अलग-अलग कंपनियों के कार्डिगन, फ्रंट ओपन स्वेटर, मोजे, दस्ताने, टोपी, वी नेक और राउंड नेक देशी विदेशी ऊन के उत्पाद है.

