रायपुर: नंदनवन जंगल के दो कर्मचारी को बर्खास्त कर दिया गया है. इन पर आरोप है की दोनों कर्मचारीओं ने सुरक्षा प्रोटोकॉल की अनदेखी की है . दरअसल नंदनवन जंगल सफारी में घूमने के लिए आए पर्यटकों की बस पर एक बाघ के आक्रमण करने का वीडियो वायरल होने के बाद दो कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बाघ टूरिस्ट बस का पीछा करता दिख रहा है. इसे लेकर बस के इंचार्ज फॉरेस्ट गार्ड को भी कारण बताओ नोटिस दिया गया है.
दरअसल शुक्रवार शाम को पर्यटकों का एक समूह जंगल सफारी में घूम रहा था. उन्होंने बस के अंदर बैठकर दो बाघों के बीच की लड़ाई का वीडियो बनाया. इसी दौरान एक बड़े बाघ ने बस की खिड़की पर लगे पर्दे पर झपट्टा मार दिया. इसके बाद वीडियो में घबराये पर्यटकों में से एक ने ड्राइवर से बस को तेज भगाने के लिए कहा. वीडियो में बाघ भी बस के पीछे बहुत दूर तक दौड़ता हुआ दिखाई दे रहा है.
जंगल सफारी की निदेशक एम. मर्सी बेला ने कहा कि वीडियो पर ध्यान देने के बाद हमने बस ड्राइवर ओमप्रकाश भारती और गाइड नवीन पुरैना को बर्खास्त कर दिया है. दोनों ने लापरवाही करते हुए सफारी के स्टेंडर्ड प्रोटोकॉल की अनदेखी की थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह वीडियो गाइड ने बनाया था. निदेशक का कहना है कि दोनों को जानवरों व पर्यटकों की सुरक्षा की ट्रेनिंग दी गई है. स्टेंडर्ड प्रोटोकॉल के तहत उन्हें बस को भगाने के बाद इंतजार करते हुए परिस्थिति के सामान्य होने का इंतजार करना चाहिए था.

