श्रीनगर: पीडीपी प्रमुख और जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान की भाषा बोली है. सरकार पर बड़ा निशाना साधते हुए महबूबा ने कहा, ‘जब से उन्होंने(बीजेपी) सरकार संभाली है तब से मुल्क़ के टुकड़े करने के सिवा कुछ नहीं कर रहे हैं. मुझे लगता है कि बीजेपी खुद का एक इकोसिस्टम विकसित करना चाहती है जहां लोकतंत्र के लिए कोई जगह नहीं है.’
महबूबा ने कहा कि जब तक कश्मीर मसला हल नहीं हो जाता है तब तक यहां समस्या बनी रही रहेगी. महबूबा मुफ्ती ने कहा, ‘जब से हमने DDC चुनाव में भाग लेने का फैसला किया, तब से जम्मू-कश्मीर में पिछले एक-डेढ़ साल से जो ज्यादतियां हो रही थीं उनको और बढ़ाया गया. पूरे मुल्क में इस वक़्त अंधा कानून चल रहा है, इनके पास सबसे बड़ा हथियार UAPA बन गया है. जब से हमने चुनाव में भाग लेने का फैसला किया है तब से जम्मू और कश्मीर में उत्पीड़न बढ़ गए हैं. PAGD के उम्मीदवार सीमित हैं और चुनाव प्रचार के लिए बाहर जाने की अनुमति नहीं है. यदि वे बाहर निकलने की अनुमति नहीं देते हैं तो उम्मीदवार कैसे चुनाव लड़ेंगे.’

