रांची: रांची के ओरमांझी में सिर कटी युवती की लाश बरामद होने के बाद पुलिस मृतका के सिर की तलाश में जुटी है. लेकिन अब तक मृतका का न तो सिर मिल पाया है और न ही पहचान हो पायी है. वहीं दूसरी ओर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक बार अपना रास्ता क्या बदलना पड़ा मात्र 24 घंटे के भीतर उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक को शोकॉज कर दिया गया, मामले की जांच के लिए हाई लेवल कमिटी गठित कर दी गयी और दर्जनों निर्दोष लोगों को जबरन उठा भी लिया गया. लेकिन रांची की एक निर्भया पिछले 3 दिनों से न्याय का इंतजार कर रही. उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन इतनी शक्ति उन हत्यारों को पकड़ने में लगती, तो अच्छा होता.
इधर, सिर कटी लाश मिलने के मामले में एक नया मोड़ आया है. रांची के सदर थाना क्षेत्र की एक महिला ने आशंका जतायी है कि यह शव 10 सितंबर से लापता उनकी बेटी का है. महिला ने बताया कि उनकी बेटी के पैर में भी तिल का निशान था. बताया गया है कि पुलिस इस मामले में महिला के डीएनए की भी जांच करा सकती है. दूसरी तरफ पुलिस ने इस मामले में सूचना देने पर इनाम की राशि को 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया है.

