पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने निकाय चुनाव में शानदार जीत के लिए लोगों का आभार जताते हुए ट्वीट किया, ”हमें एक बार फिर शानदार जनादेश देने के लिए मैं हृदय से मां-माटी-मानुष के प्रति आभार व्यक्त करती हूं. निकाय चुनाव में जीतने वाले अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों को बधाई.” उन्होंने कहा “जीत ने हमारी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता को बढ़ा दिया है. जीत को विनम्रता से लें और विनम्र हो कर काम करें. आइये, मिलकर राज्य में शांति, समृद्धि और विकास के लिए कार्य करें. जय बंगाल. बता दें कि 27 फरवरी को राज्य की 107 नगरपालिकाओं के लिए हुए चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को शानदार जीत मिली है और उसने 93 निकायों पर कब्जा किया है.
राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने कहा कि -TMC को 102 निकायों पर जीत मिली है वहीं वाम मोर्चा और हमरो पार्टी को एक-एक सीट मिली है. चार नगरपालिकाओं में किसी बी दल को बहुमत नहीं मिला है.
तृणमूल कांग्रेस ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और नंदीग्राम से विधायक शुभेंदु अधिकारी का ‘गढ़’ मानी जाने वाली कांथी नगरपालिका में जीत हासिल की है जबकि उत्तर बंगाल की पहाड़ों की राजनीति में नवआगंतुक ‘हमरो पार्टी’ ने तृणमूल कांग्रेस, गोरखा जनमुक्ति मोर्चा और भाजपा को पछाड़ कर दार्जिलिंग नगरपालिका पर कब्जा कर लिया है.

