मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट के मन्त्रियों के क्वारंटाइन पर जाने पर भाजपा ने की उनके उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना
रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने स्वास्थ्य मंत्री श्री बन्ना गुप्ता के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद पूरे कैबिनेट के क्वॉरेंटाइन में चले जाने की घटना पर चिंता जाहिर की है. प्रतुल ने कहा की भाजपा की यह मंगल कामना है की स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता शीघ्र स्वस्थ हो और मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्रियों का स्वास्थ्य उत्तम रहे.
प्रतुल ने कहा की झारखंड में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच पूरी राज्य कैबिनेट के क्वॉरेंटाइन में चला जाना चिंता का विषय है. प्रतुल ने कहा की हाल के दिनों में झारखंड में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हुई है और रिकवरी रेट भी राष्ट्रीय औसत से कम रहा है. कोविड-19 टेस्टों की संख्या का औसत भी काफी कम है. अस्पतालों में अव्यवस्था की खबरें लगातार आ रही हैं. कोरोना जांच की रिपोर्ट आने में लंबा समय लग रहा है और मरीजों को सही तरीके से आइसोलेट भी नहीं किया जा रहा. कॉन्ट्रैक्ट रेसिंग पूरे तरीके से बंद है. इन सबके बीच अगर पूरी कैबिनेट क्वॉरेंटाइन में चली जाती है तो यह प्रदेश के लिए घोर चिंता का विषय बन जाता है. प्रतुल ने कहा कि ये देश का संभवत पहला उदाहरण है जब पूरी कैबिनेट क्वॉरेंटाइन में चली गई हो.

