रांची: राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से बुधवार को रांची वीमेंस कॉलेज के आर्टस ब्लॉक में तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
इस कार्यक्रम के तहत 100 कार्यकर्ताओं को टोबैको प्रीवेलेंस एंड एटीटयूड सर्वे में शामिल किया गया.
मौके पर राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रोग्राम ऑफिसर डॉ कुमारी उर्वशी ने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य की रक्षा की जिम्मेवारी हमारी भी है. तंबाकू नियंत्रण नीतियों को लेकर छात्राओं तक पहुंच बनाने की आवश्यकता है.
डॉ उर्वशी ने कहा कि टोबैको प्रीवेलेंस एंड एटीटयूड सर्वे स्वास्थ्य जोखिमों के बारे संवाद करने का सबसे प्रभावी और शक्तिशाली तरीका है. तंबाकू का सेवन, बहुत सारे रोगों जैसे- कैंसर, फेफड़ों की बीमारियों और हृदय रोगों के मुख्य कारकों में से एक है.
भारत में तंबाकू का उपयोग विभिन्न रूपों में होता है. किशोरों में तंबाकू के सेवन का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है और भारत की वर्तमान तंबाकू नीति में कई विसंगतियां भी देखी जा रही हैं. ऐसे में हमें एक बेहतर एवं तमाम समस्याओं को संज्ञान में लेने वाली तंबाकू नीति के निर्माण की जरूरत है. कार्यक्रम में छात्राओं को तंबाकू से होने वाली बीमारियों के बारे में बताया गया.

