रांची : फिल्म ‘हेट स्टोरी-2’ का एक चर्चित गीत है. इसके बोल हैं ‘आज फिर तुमपे प्यार आया है, बेहद और बेशुमार आया है.’ गायक अरिजीत सिंह ने इसे आवाज दी है. राज्यसभा चुनाव को लेकर उपजी सरगर्मी में यह गीत फिट बैठ रहा है. झारखंड में राज्यसभा के दो सीटों के लिए चुनाव होने हैं. इसमें झामुमो को छोड़कर किसी के पास भी पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत नहीं है. वोट के जुगाड़ में पार्टियां लगी है. इसके कारण विधानसभा चुनाव के समय पार्टियों के लिए नासूर बन चुके लोगों पर अब ‘प्यार’ आ रहा है.
आजसू अध्यक्ष से मिले थे
विधानसभा चुनाव में सीटों का बंटवारा नहीं हो पाया. दोनों अपनी-अपनी मांगों पर अड़ी रही. चुनावी सभा में परोक्ष तौर पर एक-दूसरे पर तीर भी चलाये. वर्तमान में आजसू पार्टी के दो विधायक हैं. राज्यसभा में भाजपा उम्मीदवार को भेजने के लिए आजसू पार्टी का सपोर्ट जरूरी है. इसके मद्देनजर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह बुधवार को मिले थे. बैठक में राज्यसभा चुनाव पर चर्चा हुई.
निर्दलीय विधायक का आसरा
भाजपा के विधायकों की संख्या 25 है. बाबूलाल मरांडी को शामिल कर लेने पर संख्या 26 हो जाएगी. आजसू पार्टी भी भाजपा के समर्थन में है. इसके बाद भी भाजपा जीत करने के लिए निर्दलीय विधायकों को अपने पाले में करना चाहती है. इस क्रम में बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव और जमशेदपुर पूर्वी विधायक सरयू राय से लगातार संपर्क कर रही है. जानकारी हो कि पिछले विधानसभा चुनाव में इन दोनों को पार्टी ने टिकट नहीं दिया था. ये बगावत कर मैदान में उतरे और जीते. राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा के लिए तारणहार से कम नहीं हैं.
दो सदस्यों का कार्यकाल पूरा
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटें खाली हुई हैं. राजद के राज्यसभा सदस्य प्रेमचंद गुप्ता और निर्दलीय परिमल नाथवाणी का कार्यकाल पूरा हो चुका है. इससे दो सीटें खाली हुई हैं. इन्हीं सीटों के लिए चुनाव होने हैं.
पहले 26 मार्च को होना था चुनाव
राज्य में पहले राज्यसभा चुनाव की तारीख 26 मार्च तय थी, कोरोना संक्रमण के कारण चुनाव टल गया. बाद में नयी तारीख 19 जून तय हुई है. दो सीटों पर तीन प्रत्याशियों के होने के कारण चुनाव रोचक हो गया है.
दो सीट, तीन प्रत्याशी
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव मैदान में तीन प्रत्याशी हैं. झारखंड मुक्ति मोर्चा से पार्टी सुप्रीमो और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन हैं. भाजपा ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को चुनाव मैदान में उतारा है. कांग्रेस ने शहजादा अनवर को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है.
फैक्ट फीगर
- खाली पद : 2
- उम्मीदवार : 3
- चुनाव तिथि : 19 जून
- समय : सुबह 10 बजे से
- परिणाम : 19 जून

