नई दिल्ली: देश की राजधानी नई दिल्ली में उत्तरी नगर निगम और पूर्वी नगर निगम में रिक्त कुल 5 वार्डों के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं. आज सुबह साढ़े 7 बजे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच इन पांचो सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है. नगर के पांच वार्डों में 327 मतदान केंद्रों और 26 उम्मीदवार की किस्मत लिखी जा रही हैं. कहा जा रहा है कि इन 5 सीटों पर चुनाव परिणाम अगले साल दिल्ली में होने वाले MCD चुनाव पर असर डालेंगे.
जिन वार्डों में आज वोटिंग हो रही है, उनमें एनडीएमसी का रोहिणी-सी, शालीमार बाग (नार्थ) जबकि ईडीएमसी का त्रिलोकपूरी, कल्याणपूरी और चौहान बांगर शामिल है. इन 5 सीटों में से शालीमार बाग (उत्तर) महिलाओं के लिए आरक्षित है, जबकि त्रिलोकपुरी और कल्याणपुरी एससी श्रेणी के लिए आरक्षित हैं. इन उपचुनावों के नतीजे 3 मार्च को घोषित किए जाएंगे.

