रांची:- राजधानी समेत आसपास के क्षेत्रों में आज दिनभर मौसम साफ रहेगा. लेकिन शाम के बाद मौसम में बदलाव होगा. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिन में आर्द्रता का स्तर सामान्य रहेगा. इससे उमस का अनुभव नहीं होगा, लेकिन आज शाम में रांची के मौसम में बदलाव की संभावना हैं. झारखंड के कई जिलों में शाम से हल्के बादल देखे जा सकते हैं. जबकि, शनिवार 20 मार्च को कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की आशंका है. इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार 20 मार्च को झारखंड के कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात हो सकती है. मौसम वैज्ञानिकों की मानें, तो रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, कोडरमा, बोकारो, हजारीबाग और रामगढ़ में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की आशंका है. इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग की मानें, तो 19 मार्च से 25 मार्च के बीच राजधानी रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है. वैसे अगले सात दिनों में
राजधानी रांची के अधिकतम तापमान में वृद्धि हो सकती है. ऐसा अनुमान है कि तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

