बेतिया: बेतिया जिला अन्तर्गत आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के शुभ अवसर पर नरकटियागंज टी.पी. वर्मा महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, एन.एस.एस. स्वयं सेवक और छात्र छात्राओं ने हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट तथा आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित ग्लोबल वर्चुअल इवेंट में हिस्सा लिया.
एन.एस.एस. कोऑर्डिनेटर दीपक कुमार ने बताया कि इस इवेंट का आयोजन यूट्यूब व फेसबुक के माध्यम से हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट और आयुष मंत्रालय द्वारा किया गया.
कार्यक्रम में एक ओर योग ऋषि बाबा रामदेव ने शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आसन और प्राणायाम का अभ्यास करवाया, तो दूसरी ओर कमलेश डी पटेल ‘दाजी’ ने हार्टफुलनेस ध्यान के माध्यम से अपने आंतरिक स्व से जुड़ने की विधि सिखलाई.
इसी के साथ ही कार्यक्रम में पद्म विभूषण पं. जसराज जी और पद्मश्री शंकर महादेवन ने संगीत के माध्यम से लोगों को रोमांचित किया. टी.पी. वर्मा कॉलेज के प्राचार्य डॉ विमल वर्मा ने बताया कि योग का नियमित अभ्यास करने से हमारे शरीर में स्फूर्ति और मन में ताजगी बनी रहती है.
एन.एस.एस. कोऑर्डिनेटर दीपक कुमार ने बताया कि अक्सर हम आसनों के अभ्यास को ही योगाभ्यास समझ लेते हैं. वास्तव में आसन महर्षि पतंजलि द्वारा प्रस्तुत किए गए अष्टांग योग के 8 चरणों में से सिर्फ एक चरण है. योग हमें शारीरिक , मानसिक व आध्यात्मिक तीनों रूप से फिट रखता है. योग हमारे भौतिक व आध्यात्मिक जीवन, बाहरी व आंतरिक स्वरूप में एकत्व स्थापित करने का साधन है.

