रांची: तुपुदाना ओपी क्षेत्र में आज अहले सुबह पांच बजे गोबर खाद लेकर जा रहे ट्रैक्टर को पीछे से 16 चक्का ट्रक ने जोरदार धक्का मार दिया. जिससे ट्रैक्टर चालक सोमरा मुंडा अपने ही ट्रैक्टर के चक्के के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
वहीं ट्रैक्टर पर सवार एक मजदूर रवि लिंडा मामूली रूप से घायल हो गया. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, कर्रा थाना के ग्राम जरिया निवासी झगरू गोप के ट्रैक्टर को भाड़े पर ले कर पदमपुर निवासी संतोष महतो तुपुदाना की ओर से गोबर खाद ले कर लोधमा की ओर जा रहा था.
इसी क्रम में रिंग रोड में बालसिरिंग ठुरका टोली के पास पीछे से आ रहा तेज रफ्तार 16 चक्का मालवाहक ट्रक नंबर डब्ल्यूबी 33 सी 78 00 ने पीछे से जोरदार धक्का मार दिया. जिससे ट्रैक्टर चला रहे ग्राम कनसल्ली निवासी चालक सोमरा मुंडा का संतुलन बिगड़ गया और वह धक्का लगने के कारण ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और अपने ही चलते हुए ट्रैक्टर के नीचे आ गया. जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
वहीं उसके साथ बगल में बैठा मजदूर रवि मुंडा ट्रैक्टर में ही बैठा रहा जो घटनास्थल से 500 मीटर की दूरी पर गाड़ी रुकने के बाद गिर कर घायल हो गया. घटना के समय गाड़ी के पीछे चल रहे पदमपुर के संतोष महतो ने मौके पर दुर्घटनाग्रस्त चालक और मजदूर को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर हो चुकी थी, चालक ने दम तोड़ दिया था.
बाद में संतोष महतो ने घटना की जानकारी तुपुदाना ओपी पुलिस को दिया. पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को अपने कब्जे में कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

