रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आदिवासियों की पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा.
मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात करने आए मानकी मुंडा संघ, कोल्हान पोड़ैयाहाट केंद्रीय समिति के प्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस दिशा में सभी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. इस मौके पर संघ की ओर से मांग पत्र सौंपा गया. उन्होंने मुख्यमंत्री से कोल्हान में कोल्हान स्वशासन परिषद का गठन और मंत्रिमंडल में ’हो’ समुदाय के विधायक को शामिल करने की मांग रखी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय भाषाओं के लिए स्वतंत्र एकेडमी बनाने पर सरकार विचार कर रही है, ताकि इन भाषाओं के विकास की राह प्रशस्त हो सके. उन्होंने कहा कि जनजाति समुदाय की कला, संस्कृति परंपरा और भाषाओं को संरक्षित करने के प्रति सरकार कृत्संकल्प है.
’हो’ भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने के लिए केंद्र को भेजी जाएगी अनुशंसा
मानकी मुंडा संघ द्वारा ’हो’ भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे संबंधित प्रस्ताव को विधानसभा में पेश किया जाएगा और स्वीकृति मिलने के बाद केंद्र सरकार को अनुशंसा भेजी जाएगी.

