सुभाष प्रसाद सिंह,
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में आज पांच दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण के निमित्त भारत की जनगणना 2021 के चौथे दिन क्विक कैप्चर मोबाइल ऐप के जरिए मकान सूचीकरण ब्लॉक का नक्शा बनाने का अभ्यास कराया गया. इसके लिए आज सभी 27 क्षेत्रीय प्रशिक्षकों को बस के द्वारा निकट के ग्रामीण क्षेत्रों एवं कंबाइंड बिल्डिंग के स्टाफ क्वार्टरों में ले जाया गया.
मास्टर ट्रेनर सह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अंजना दास एवं अंचल अधिकारी करमाटांड़ सच्चिदानंद वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया. प्रशिक्षकों को पांच समूह में बांटकर अलग-अलग मोहल्लों में मकान सूचीकरण तथा जनगणना मकान गणना के लिए कार्य अभ्यास कराया गया. साथ ही मास्टर ट्रेनरों के द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को गहन प्रशिक्षण दिया गया.
प्रशिक्षणार्थियों का समूह कुछ लोगों के घर जाकर भवनों का नंबर दिया गया. जनगणना मकान का सूचीकरण तथा जिन मकानों में परिवार रहते हैं, उनका डेटा संग्रह,ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों विधियों से किया गया. तत्पश्चात अपने कार्य क्षेत्र को एचएलबी मानते हुए मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों ने नजरी नक्शा को अपडेट करने का अभ्यास किया.
इस अवसर पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी प्रकाश चन्द्र लाल, राज्य पर्यवेक्षक सत्येंद्र कुमार, हरिप्रसाद राम, सैयद मोहम्मद इमाम, राजीव कुमार, बिरजू राम एवं अन्यप्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे.

