बिहार: जमुई मंगलवार को अचानक बदले मौसम के साथ तेज बारिश के दौरान वज्रपात से जमुई जिले में अलग-अलग तीन जगहों पर चार लोगों की मौत हो गई. खैरा इलाके में मां-बेटे की मौत मौके पर ही उस वक्त हो गई जब दोनों अपने खेत में मूंग की फसल तोड़ रहे थे. दूसरी तरफ जिले के झाझा इलाके में एक महिला और चकाई में एक युवक की मौत हो गई. आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही चार मौत के बाद सभी परिवार वालों के बीच मातम छा गया है.
खेत में तोड़ रहे थे मूंग की फसल
मिली खबर के मुताबिक जमुई जिले के खैरा प्रखंड इलाके के रायपुर पंचायत के जलजोगा गांव के रहने वाले महेन्द्र यादव की पत्नी अझोलवा देवी जिसकी उम्र लगभग 50 साल और उसका बेटा मंटू यादव जिसकी उम्र लगभग 25 साल थी. दोनों अचानक हुए वज्रपात के शिकार हो गए और दोनों की मौत झुलसने से मौके पर ही हो गई. दोनो मां और बेटा घर के पास ही एक खेत में लगी मूंग की फसल को तोड़ रहे थे. इसी दौरान अचानक मौसम बदला और बारिश के साथ आसमान से गिरी आकाशीय बिजली के कारण दोनों की मौत हो गई.

