रांची: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता और पार्टी के सबसे बुजुर्ग नेताओं में से एक मोतीलाल वोरा के निधन पर आज रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में एक श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया. पार्टी के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव की अध्यक्षता में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डा राजेश गुप्ता छोटू, विधायक अम्बा प्रसाद, पूर्व विधायक काली चरण मुण्डा समेत पार्टी नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. उनके चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किया एवं दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
एआईसीसी के महासचिव, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, केन्द्र सरकार में रहे मंत्री व कांग्रेस के वरीष्ठतम नेता 93 वर्षीय मोतीलाल वोरा के निधन को संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बाते हुए प्रदेश अध्यक्ष डा रामेश्वर उरांव ने कहा कि मोतीलाल वोरा के निधन की खबर से उन्हें व्यक्तिगत रूप में गहरा सदमा लगा है. उनके निधन के साथ ही एक युग का अंत हो गया.
डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि उनसे मिलने के दौरान हमेशा ज्ञान की बातें किया करते थे ,पार्टी के संबंध में उनकी हमेशा सोच थी कि देश में कांग्रेस का झंडा लहराता रहे, उनके जाने से रिक्तता और कमी आ गई है जिसकी भरपाई आने वाले दिनों में संभव नहीं है.
कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि एक युग का अंत हो गया है,राष्ट्र की राजनीति में वोरा साहेब के योगदान को देश कभी नहीं भुला सकता है.कांग्रेस की जितनी भी सरकारें आई बोरा जी का किरदार महत्वपूर्ण रहा .2020 कांग्रेस के लिए और देश के लिए काफी दुखद रहा,एक से एक धरोहर और विभूतियों को हमने खो दिया है, हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि जल्द से जल्द 2020 खत्म हो और लोग सही सलामत रहे.
उन्होंने कहा कि वोरा कांग्रेस की विचारधारा के प्रति निष्ठा,समर्पण और धैर्य के प्रतीक थे, 93 साल की उम्र में भी वे हर मीटिंग में मौजूद रहते थे और हर निर्णय पर उन्होंने अपने विचार खुलकर प्रकट किया, आज दुख भरे दिल से उन्हें अलविदा कहते हुए यह महसूस हो रहा है कि परिवार के एक सबसे बड़े बुजुर्ग सदस्य हमारे बीच से चले गए.
पूर्व विधायक काली चरण मुण्डा ने कहा कि कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा दो बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और 93 साल की उम्र में उनका निधन हो गया उनके निधन से कांग्रेस पार्टी ने अपना अभिभावक खो दिया है .
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि मोतीलाल वोरा कांग्रेस के सबसे भरोसेमंद सिपहसालार माने जाने वाले और राजनीतिक सुचिता के लिए पहचाने जाने वाले महान नेता थे,कल ही उनका 93 वां जन्म दिवस मनाया गया था. उनके निधन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरा दुख पहुंचा है जिसकी भरपाई आने वाले दिनों में संभव नहीं है.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा पत्रकार से राजनीतिक और खेल तक में दिलचस्पी रखने वाले मोतीलाल वोरा कांग्रेस के सभी महत्वपूर्ण पदों में उन्होंने अपना योगदान दिया,गांधी परिवार से नजदीकी और पार्टी का उन पर भरोसा कभी कम नहीं हुआ .
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि मोतीलाल वोरा कोरोनावायरस से संक्रमित हो गए थे और उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था. मोतीलाल वोरा पार्षद से लेकर राज्य के मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार में कई विभागों के मंत्री,उत्तर प्रदेश के राज्यपाल और कांग्रेस के कोषाध्यक्ष भी रहे.
श्रद्धांजलि समारोह में कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, डॉ राजेश गुप्ता, अमिताभ रंजन, राजेश सिन्हा सन्नी, फिरोज रिजवी मुन्ना,प्रभात कुमार, केदार पासवान, जितेंद्र त्रिवेदी, दिनेश लाल सिन्हा, राकेश सिन्हा, अख्तर अली, भवतारण कर्मकार जमीर अंसारी, पवन कुमार चौधरी, ओम प्रकाश व्यास, राजीव प्रकाश चौधरी, अर्जुन कुमार मंडल, राजेश कुमार, शमशेर आलम, राजू राम, संजय कुमार, सुरज कुमार पासवान, रामानंद केशरी मुख्य रुप से उपस्थित थे.

