रांची: दुमका जिला कांग्रेस कमेटी की महिला नेत्री पुष्पा हिम्मत सिंहका को कल अपराधियों द्वारा गोली मारे जाने की प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं ने गहरा आक्रोश, चिंता एवं दुख प्रकट किया एवं कहा है कि अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी हो और थाना प्रभारी को निलंबित किया जाए.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि थाना प्रभारी की लापरवाही से अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया. लगातार मिल रही धमकियों के बावजूद थाना प्रभारी ने कांग्रेस नेत्री की शिकायतों एवं एफआईआर पर कोई कार्रवाई नहीं की.
दुमका जिला कांग्रेस कमेटी ने भी इस बाबत मिल रही धमकियों को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया और अंततः कांग्रेस नेत्री को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, आदित्य विक्रम जयसवाल,निरंजन पासवान, शकील अख्तर अंसारी ने घटना की कड़े शब्दों में निन्दा की है एवं अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पुष्पा हिम्मत सिंहका को श्रद्धांजलि अर्पित किया एवं 2 मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना किया एवं शोक संवेदना प्रकट किया है.
शोक प्रकट करने वालों में कांग्रेसी नेता जितेंद्र त्रिवेदी सुषमा हेंब्रम, विनीता पाठक सोनी नायक, शैलेश चौबे, फिरोज रिजवी मुन्ना, कुमुद रंजन, देवजीत देवघरिया, सुभम राजपूत, मोहित राज, बबलू राम, रोहन सिंह, आसिफ रजक उपस्थित थे.
कांग्रेस नेताओं ने दुमका जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्यामल किशोर सिंह को आश्वस्त किया है कि अपराधियों की गिरफ्तारी एवं थाना प्रभारी के निलंबन होने तक संगठन उनके आन्दोलन के साथ खड़ी है एवं पूरी पार्टी परिजनों के साथ खड़ी है.

