रांची: अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डाॅ. रामेश्वर उरांव और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने बिरसा चैक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तथा समाधि स्थल पर जाकर पुष्प अर्पित किया. इस मौके पर कृषिमंत्री बादल, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, राजेश गुप्ता छोटू और लाल किशोरनाथ शाहदेव ,सन्नी टोप्पो ,शशिभूषण राय, विनय सिन्हा दीपू,आदित्य जयसवाल, रोशन लाल भाटिया समेत अन्य नेता उपस्थित थे.
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डाॅ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के शोषण और महाजनी तथा सूदखोरी प्रथा के खिलाफ कम उम्र में ही एक बड़ी लड़ाई लड़ी. अब समय आ गया है कि उनके सपनों को साकार करते हुए सभी को जीविका का साधन और आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, सरकार इस दिशा में तेजी से काम कर रही है.
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने भगवान बिरसा मुंडा की शहादत को याद करते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में कोरोना महामारी एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आयी है, देशव्यापी लाॅकडाउन के कारण बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक वापस झारखंड लौट कर आये है, उन्हें उनकी दक्षता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है.
कृषिमंत्री बादल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के पदचिह्नों पर चलने के लिए आज संकल्प लेने का दिन है, उन्होंने जिन उद्देश्यों को लेकर अंग्रेजी शासन के साथ संघर्ष किया था, उनके सपनों को पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा ने उलगुलान की शुरुआत की थी, उनके दिखाये रास्ते पर चल कर झारखंड का सर्वांगीण विकास संभव है.
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि जल, जंगल और जमीन के अधिकार के लिए संघर्ष करने वाले घरती आबा ने देश के लिए अपनी जान न्योछावर कर दी, उनकी शहादत सभी को गरीबी, अशिक्षा, अंधविश्वास और शोषण के खिलाफ लड़ाई जारी रखने का संकल्प दिलाती है.
प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा के जीवन से बहुत कुछ अनुसरण किया जा सकता है, आदर्श की प्रतिमूर्ति हैं भगवान वीर बिरसा.
प्रवक्ता राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि अबुआ राज की स्थापना का सही समय अभी आ गया है. गठबंधन की सरकार राज्य के आदिवासियों, पिछड़ों, दलितों की जनभावना के अनुरुप काम करेगी.

