स्पीक अप फॉर पीएसयू के तहत सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों में सुधार की मांग
रांची:- देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव के निर्देशानुसार पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की ओर से रांची समेत राज्यभर में कई कार्यक्रम आयोजित प.नेहरू को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी. वहीं केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के खास्ताहाल में सुधार की मांगक को लेकर देशव्यापी ‘‘स्पीक अप फॉर पीएसयू’’ अभियान के तहत सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर केंद्र सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने की कोशिश की गयी.
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता छोटू के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्त्ताओं से सबसे पहले एचईसी स्थित प. जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि आजादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाने के साथ भारत के नवनिर्माण लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को आधुनिक भारत का निर्माता कहना कोई अतिशयोक्ति नहीं है. उन्होंने कहा कि दूसरे विश्व युद्ध के बाद खस्ताहाल वैश्विक परिस्थिति और भारत का निर्माण करना कोई आसान काम नहीं था. ऐसी परिस्थिति में पंडित नेहरू ने देश में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए रांची में भारी अभियंत्रण निगम (एचईसी) की स्थापना की और इसे आधुनिक भारत का मंदिर की संज्ञा दी.
प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोर शाहदेव ने कहा किदेश की आजादी के बाद पंचवर्षीय योजना उनकी दूरदृष्टि का ही परिणाम था जिसके नतीजे सालों बाद मिल रहे . स्वस्थ लोकतंत्र की नींव रखने और इससे मजबूत बनाने में पंडित नेहरू का महत्वपूर्ण योगदान था .
प्रदेश प्रवक्ता राजेश गुप्ता ने कहा कि आजादी से पहले पंडित नेहरू ने स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई थी. आजादी की लड़ाई के चलते उन्हें 9 बार जेल जाना पड़ा था. वहीं, भारत के आजाद होने के बाद पंडित नेहरू ने शिक्षा, सामाजिक सुधार, आर्थिक क्षेत्र, राष्ट्रीय सुरक्षा और औद्योगीकरण सहित कई क्षेत्रों में किया.
स्पीक अप फॉर पीएसयू के तहत आयोजित देशव्यापी अभियान के तहत पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, मंत्री बन्ना गुप्ता, बादल समेत तमाम विधायकों, सांसदों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और प्रदेश पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ नेताओं नेताओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों की स्थिति में सुधार के लिए आवश्यक पहल की मांग की.

