रांचीः गढ़वा सदर प्रखंड के अंचला नावाडीह के एक नाले में 18 घंटे से एक व्यक्ति का शव फंसा हुआ है. शव को निकालने में सैकड़ों लोग लगे हुए हैं. अब प्रशासन के सहयोग से नहर को काटकर पानी निकाला जा रहा है.
बताते चलें कि उमेश भुईयां (35 साल) आहर का पानी निकालने गया था. पानी निकालने के दौरान वह पानी निकलनेवाले हिस्से में जाकर फंस गया, जिसे निकालना मुश्किल हो गया. उमेश भुईयां को निकालने का काफी प्रयास ग्रामीणों ने किया, लेकिन शव को नहीं निकाल पाये.
ग्रामीणों ने हाइड्रा को बुलाकर भी शव को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. बल्कि हाइड्रा से शव का हाथ उखड़ गया. गढ़वा प्रशासन ने घटना स्थल पर पहुंच कर मामले का जायजा लिया.
प्रशासन ने शनिवार सुबह शव निकालने की बात कही. इस बात से स्थानीय लोगों में असंतोष है. लोगों का कहना है कि आहर में बहुत सारी मछली है जो शव को खाने लगेंगी. ग्रामीणों में प्रशासन को लेकर काफी आक्रोश है.

