नई दिल्ली: नोएडा में थाना दनकौर क्षेत्र के निकट यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए विपरीत दिशा से आ रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस से टकरा गया. इस घटना में बस में सवार 17 लोग घायल हो गए. पुलिस ने घायलों को ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया है.
घटना में 17 लोग गंभीर रूप से घायल
पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना दनकौर क्षेत्र के निकट यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के नोएडा से जेवर की तरफ जा रहा एक डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए विपरीत दिशा से आ रही उप्र रोडवेज की बस से टकरा गया. उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिनमें से 5 की हालत नाजुक बनी हुई है.
घायलों को कैलाश अस्पताल में कराया गया भर्ती
मीडिया प्रभारी ने बताया कि घायलों के नाम श्याम, दीनानाथ, विक्की, आकाश, राजकुमारी, योगेश, अनिल, कैलाश, लक्ष्मीकांत, राजू, धर्मेंद्र, रामपाल, मोहन, ललिता, सागर, राजकुमारी मुंशी आदि हैं. उन्होंने बताया कि घायलों को ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने बताया कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर इस घटना के चलते यातायात कुछ देर के लिए बाधित रहा. पुलिस ने क्रेन की सहायता से ट्रक व डंपर को वहां से हटवाया. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बांदा में सड़क हादसों में चार लोगों की मौत
इसके अलावा बांदा जिले में शुक्रवार को तीन अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गयी और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. मटौंध थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) रवींद्र तिवारी ने शनिवार को बताया, ‘शुक्रवार की देर रात मुड़ेरी गांव के नजदीक कबरई से मटौंध जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर लगने से बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर मौत हो गयी है. युवकों की पहचान खैराड़ा गांव निवासी मातादीन (30) और उसके साले छुट्टन (22) निवासी रायपुर गांव जिला छतरपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है.’
ट्रक और बाइक की भिड़ंत
उन्होंने बताया कि चालक डंपर को छोड़कर भाग गया है और उसकी तलाश की जा रही है. शुक्रवार को हुए एक अन्य सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. तिंदवारी पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘शुक्रवार को थाना क्षेत्र के सैमरी गांव का विनय (19) और सुनील (23) बाइक पर सवार होकर सिमौनी गांव जा रहे थे, तभी रास्ते में एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे विनय की मौत हो गयी है और सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका कानपुर में इलाज चल रहा है.’
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
एक अन्य घटना के बारे में बांदा शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जयश्याम शुक्ला ने बताया, ‘तिंदवारा गांव में एक टेंपो ने किसान भोला (65) को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी है. शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.’

