रांची: मांडर थाना क्षेत्र के रांची-डालटनगंज मुख्य मार्ग पर मुड़मा और ब्रांबे गांव के बीच शनिवार को एक 10 चक्का ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया. दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार 35 वर्षीय शंकर भगत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं, उसके दो अन्य पमु एक्का और प्रदीप टोप्पो की मौत इलाज के दौरान रिम्स में हो गई. दुर्घटना शनिवार को दिन के 11.30 बजे घटी.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मांडर हेसमी मोड का 35 वर्षीय शंकर भगत, 30 वर्षीय पमु एक्का और मांडर के नारो गांव का 25 वर्षीय प्रदीप टोप्पो रांची की ओर जा रहे थे. जैसे ही मोटरसाइकिल सवार मुड़मा और ब्रांबे गांव के बीच पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे 10 चक्का ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
इससे शंकर भगत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकि, पमु एक्का और प्रदीप टोप्पो घायल हो गए. तत्काल घायलों को इलाज के लिए मांडर स्थित रेफरल अस्पताल ले जाया गया.
वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया. जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई. तत्काल घायलों को इलाज के लिए मांडर स्थित रेफरल अस्पताल ले जाया गया. वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया.

