धनबाद. धनबाद के एनएच 32 श्रमिक चौक के पास बुधवार की सुबह रेलवे बैरिकेड में प्लास्टर ऑफ पेरिस लदा ट्रक फंस गया. इसकी वजह से धनबाद-गया रेलखंड का बैरिकेड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया.पुल के दोनों तरफ रेलखंड को सुरक्षित रखने के लिए बैरिकेड बनाया गया था.बैरिकेड के क्षतिग्रस्त होने से ट्रक सड़क के बीचों-बीच जाकर फंस गया. इसके कारण धनबाद- बोकारो सड़क मार्ग पर जाम लग गया.पुल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी. पुल से होकर ओवरलोडेड गाड़ियां पार नहीं हो सकती है.
बताया गया है कि ओवरलोड गाड़ी पुल पर न जाये, इसी उद्देश्य से दोनों तरफ बैरिकेंडिंग की गयी है. लेकिन ट्रक ने ओवरलोड होने के बावजूद पुल पर चढ़ने का प्रयास किया. नतीजा यह हुआ कि वह बैरिकेड में फंस गया. इस वजह से बैरिकेड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. बैरिकेड क्षतिग्रस्त होने की खबर सुनकर रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी वहां पहुंच गये. फिलहाल क्षतिग्रस्त रेलवे बैरिकेड की मरम्मत की तैयारी चल रही है. ट्रेलर को भी वहां से हटाने का प्रयास किया जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक जाम लगा हुआ था. पुल के दोनों तरफ जाम के कारण अफरातफरी की स्थिति बनी हुई थी.

